पूरनपुर : यूजीसी के नए नियमों के विरोध में चल रहे आंदोलन का असर अब सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के भीतर भी दिखाई देने लगा है। पीलीभीत जनपद के पूरनपुर में भाजपा के दो सक्रिय सदस्यों ने नियमों के विरोध में पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की है। दोनों सदस्यों ने स्पष्ट कहा है कि यदि यूजीसी से जुड़ा यह कानून वापस नहीं लिया गया, तो वे जीवनभर भाजपा का विरोध करते रहेंगे।
जानकारी के अनुसार नगर की पंकज कॉलोनी निवासी अधिवक्ता संजय पांडे लंबे समय से भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा के चुनाव चिह्न पर वार्ड संख्या 11 से जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं और विभिन्न चुनावों में पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। यूजीसी नियमों को लेकर असहमति जताते हुए उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा सबलपुर खास गांव निवासी बिपिन मिश्रा ने भी यूजीसी के विरोध में भाजपा की सदस्यता छोड़ने का दावा किया है। दोनों सदस्यों का कहना है कि यह नियम समाज और युवाओं के हित में नहीं है, इसलिए वे इसके खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
गौरतलब है कि यूजीसी के नए नियमों को लेकर विरोध केवल विपक्ष तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब इसका असर भाजपा के पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं में भी असंतोष के रूप में सामने आने लगा है। पूरनपुर की यह घटना उसी बढ़ती नाराजगी का संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *