रेता-बजरी कारोबारियों में मचा हड़कंप

बरेली। शहर में अवैध कब्जों और गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। बरेली के ईट पजाया चौराहे पर रेलवे की बेशकीमती जमीन पर वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाया गया।

जैसे ही रेलवे और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, वहां कब्जा जमाकर अवैध रूप से कारोबार कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान रेलवे की जमीन पर रेता, बजरी और बाजरी का अवैध भंडारण और कारोबार करते पाए गए कब्जेदार इधर-उधर भागते नजर आए। बताया गया कि कुछ कारोबारी वर्षों से रेलवे की जमीन पर कब्जा कर बिना किसी अनुमति के व्यवसाय चला रहे थे। अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ईट पजाया चौराहे के पास रेलवे की जमीन पर लंबे समय से अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया गया था।

इस संबंध में कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कब्जेदारों ने जमीन खाली नहीं की। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया।

सुबह से ही मौके पर रेलवे विभाग की टीम, स्थानीय प्रशासन और थाना बारादरी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल मौजूद रहा। बुलडोजर की मदद से अवैध दुकानों, टीन शेड और निर्माण को ध्वस्त कर रेलवे की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण रेलवे को राजस्व का नुकसान हो रहा था और भविष्य की योजनाओं में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई।

प्रशासन ने साफ किया कि शहर में सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *