इसकी वजह अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार की ओर से लगाए गए नए आरोप हैं. रोहित पवार ने अजित पवार की आकस्मिक मृत्यु में साज़िश की आशंका जताई है. रोहित पवार ने दावा किया कि कई स्रोतों से विस्तृत जानकारी जुटाने के बाद ही वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं. रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, उन्हें एयरलाइन कंपनी वीएसआर, बुकिंग संभालने वाली कंपनी एरो और पायलट सुमित कपूर पर संदेह है. रोहित पवार ने कहा कि उन्हें इस मामले में जानकारी इसलिए जुटानी पड़ी क्योंकि जांच एजेंसियां बहुत धीमी गति से काम कर रही थीं. हालांकि उन्होंने यह भी साफ़ किया कि डीजीसीए और सरकार के ख़िलाफ़ उनका कोई आरोप नहीं है. रोहित पवार ने कहा, “मैंने, मेरी टीम और मेरे दोस्तों ने उन लोगों की मदद से यह जानकारी जुटाई जिनसे हम संपर्क कर सके. यह जानकारी हमें कहां से मिली, इसका जवाब अजितदादा से मिले भरोसे और प्यार में है. अगर हर संभव तरीके से जांच की जाए, तो सच्चाई सामने आ सकती है.” 28 जनवरी को अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उसी दिन एयरलाइन वीएसआर के मालिक विजय कुमार सिंह ने कहा था कि विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी और पायलट अनुभवी था. रोहित पवार ने कहा कि इसी कंपनी के एक विमान का 2023 में मुंबई में भी हादसा हुआ था. उस दुर्घटना में छह यात्री गंभीर रूप से घायल हुए थे. उस समय भारी बारिश और कम दृश्यता को विमान के रनवे से फिसलने की वजह बताया गया था. इस दुर्घटना की जांच रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है. रोहित पवार ने आरोप लगाया कि इस रिपोर्ट को दबा दिया गया. उनका कहना था कि अगर यह रिपोर्ट सामने आती और उस पर कार्रवाई होती, तो अजित पवार की दुर्घटना को टाला जा सकता था. रोहित पवार ने कहा कि यूरोपियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी ने इस मामले को गंभीरता से लिया था. उनके मुताबिक, एजेंसी ने लेवल-1 की खामियों का हवाला देते हुए वीएसआर का लाइसेंस रद्द कर दिया था. रोहित पवार ने सवाल किया कि अगर ऐसा है, तो वीएसआर के विमान अब भी कैसे उड़ रहे हैं और उन्हें उड़ान की अनुमति क्यों दी जा रही है. 28 जनवरी को, अजित पवार के विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के कुछ घंटों बाद, जब दिल्ली में पत्रकारों ने वीएसआर कंपनी के मालिक विजय कुमार सिंह से 2023 की घटना के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा था, “2023 में जो हुआ, वह बारिश और कम दृश्यता की वजह से हुआ था.” FacebookShare on XLinkedInWhatsAppEmailCopy Link Post navigation “मोहन भागवत का संदेश: जितनी जल्दी हिंदू एकजुट होंगे, उतना बेहतर – बांग्लादेश के 1.25 करोड़ हिंदुओं को दिया आह्वान” “सुनीता विलियम्स का संकल्प – गुजरात के पैतृक गांव जाना ही होगा”