Bilaspur boring pipe water burst viral video- India TV Hindi

    छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक बड़ा ही हैरान करने और डरा देने वाला वीडियो सामने आया है। जिस पानी को जीवन की सबसे बड़ी ज़रूरत माना जाता है, वही पानी कुछ ही सेकंड में खतरे का कारण बन गया। यहां एक घर के भीतर अचानक से फर्श फट गया और पानी की भयानक धार निकलने लगी। इस घटना में बगल में ही खड़ा एक युवक बाल-बाल बच गया। ये पूरी घटना घर के सीसीटीवी में कैद हो गई है।

    क्या है पूरा मामला?

    ये पूरी घटना बिलासपुर के उसलापुर स्थित गोकुलधाम से सामने आई है। यहां एक घर में अचानक जमीन के नीचे से ऐसा मंजर सामने आया जिसने लोगों को दहला दिया। एक शांत घर, रोजमर्रा की सामान्य शाम और फिर अचानक फर्श के नीचे से उठा तेज दबाव मानो जमीन के अंदर कोई विस्फोट हो गया हो। दरअसल मकान की अंडरग्राउंड बोरिंग अचानक फट गई। हाई प्रेशर के साथ पानी फर्श को तोड़ते हुए बाहर निकल आया।

    क्या था हादसे का कारण?

    हादसे के वक्त मकान मालिक वहीं मौजूद था जो अचानक हुए विस्फोट जैसे हालात में बाल-बाल बच गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पास के प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था जिसकी वजह से ज़मीन के अंदर दबाव असंतुलित हो गया और पुरानी बोरिंग ने रास्ता छोड़ दिया। पूरा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

    भू वैज्ञानिक ने बताई वजह

    इस विषय पर भू वैज्ञानिक सचिन पराते ने घटना के पीछे की वजह बताई है। उन्होंने बताया कि यह एक सामान्य घटना है। ड्रिलिंग के वक्त जमीन के अंदर अतिरिक्त दबाव बनता है और बोरिंग इंटरकॉन्टेड होने की वजह से दवाब शिफ्ट हो जाता है क्योंकि यह एक पुरानी बोरिंग थी जिसे पूरी तरह से बंद नहीं किया गया था और उसके ऊपर निर्माण कार्य कर दिया गया था जिसकी वजह से यह हादसा सामने आया

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *