गाजियाबाद में ऑनलाइन गेमिंग की लत बनी मौत की वजह, तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान

यूपी हेड रिपोर्ट/मलिक राजपूत

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन सगी बहनों ने कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग के दबाव और एडिक्शन के चलते आत्महत्या कर ली। तीनों बहनों ने एक बहुमंजिला इमारत की 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार के साथ-साथ समाज को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक बहनों की उम्र क्रमशः 16 वर्ष, 14 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है।

सुसाइड नोट में लिखा “मम्मी-पापा सॉरी”, डेथ चैलेंज की आशंका पर जांच तेज पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें सिर्फ इतना लिखा हुआ था

“मम्मी पापा सॉरी” प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें मोबाइल पर एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेम खेल रही थीं, जिसे स्थानीय स्तर पर “कोरियन लवर” नाम से बताया जा रहा है।

पुलिस को शक है कि इस गेम के जरिए उन्हें किसी प्रकार का डेथ चैलेंज या खतरनाक टास्क दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। तीनों के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गेम के माध्यम से किसी बाहरी व्यक्ति या ऑनलाइन ग्रुप का संपर्क तो नहीं था।

परिवार से पूछताछ, डिजिटल एंगल पर फोकस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिवार के सदस्यों से लगातार पूछताछ की जा रही है और बच्चों की ऑनलाइन हिस्ट्री, चैट, गेमिंग टास्क और एप डाउनलोड डाटा की पड़ताल की जा रही है।

जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि यह आत्महत्या केवल गेमिंग एडिक्शन का परिणाम थी या फिर किसी साइबर क्राइम नेटवर्क द्वारा बच्चों को मानसिक रूप से फंसाया गया।

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर बढ़ती चिंता
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि बच्चे कब और कैसे ऑनलाइन गेम्स के जाल में फंस जाते हैं, इसका अंदाजा तक नहीं लगता।

विशेषज्ञों का मानना है कि कई टास्क-बेस्ड गेम बच्चों पर मानसिक दबाव बनाते हैं और उन्हें खतरनाक कदम उठाने के लिए उकसाते हैं।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की डिजिटल एक्टिविटी पर नजर रखें और मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहें।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मोबाइल डेटा के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *